Breaking News

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी और उनकी नृशंस हत्या पर दुःख जताया

नई दिल्ली। प. बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रमुख सरकारी अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी और उनकी नृशंस हत्या पर दुःख जताते हुए केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इसे बेहद शर्मनाक और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना बताया है। उन्होंने प. बंगाल में महिलाओं पर अत्याचार, दरिंदगी और हत्या की लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर राज्य की तृणमूल सरकार पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वैसे तो चीख चीखकर “मां, माटी, मानुस” की बात करती हैं लेकिन उनके शासन में महिलाओं की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है।कोलकाता के प्रसिद्ध आरजी मेडिकल कॉलेज में परिसर के अंदर प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ इतनी घृणित और जघन्य वारदात हो जाती है और किसी को भनक नहीं लगी। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और प्रशासन को जल्द से जल्द सभी दोषी दरिंदों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति में डूबी संवेदनहीन तृणमूल सरकार के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दो दिनों से राज्य के मेडिकल छात्र, नर्सें और आम लोग महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने के लिए जगह-जगह सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैंlजिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बंगाल में कानून व्यवस्था की हालत कितनी खराब है।