घुटूवा में दुर्गा पूजा की तैयारी जोरों पर, श्रद्धालुओं में मायूसी

 

  • मूर्ति, पंडाल, सजावट और विद्युत व्यवस्था में जुटे कारीगर

रामगढ़। भव्य मेले के साथ जिला में सबसे आकर्षक दुर्गा पूजा नयानगर घुटूवा की होती है।  इसबार भी नयानगर घुटूवा में पूजा की तैयारी हो रही है। लेकिन लोगों में भारी मायूसी दिख रही है। मंडप के अलावा आसपास चहल पहल नहीं है। लगभग डेढ़ लाख की लागत से पंडाल बनाया जा रहा है। मां दुर्गा की मूर्ति रांची से शनिवार को मंगाई गयी। पूजा कमेटी के लोग तैयारियों में लगे हुए हैं। वहीं बीते दो साल की तरह इसबार भी कोरोना संक्रमण का असर पूजा पर पड़ रहा है। क्षेत्र में जरा भी रौनक नहीं है। पूजा कमेटियों पर कोविड गाइडलाइंस का दबाव साफ देखा जा रहा है।

यहां लोगों के अनुसार बीते कुछ माह से संक्रमण में काफी कमी आई है। सरकार द्वारा रियायतें भी बढ़ाई जा रही है। इसबार दुर्गा पूजा में कुछ रियायत की उम्मीद थी। लेकिन सरकार के कड़े नियम इसबार भी लागू है। नयानगर घुटूवा पूजा कमेटी के सचिव आलोक सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। संक्रमण को देखते हुए पूरी तैयारी की जा रही है।षष्ठी से सेनेटाइजर की व्यवस्था होगी और पंडाल में मास्क अनिवार्य कर दिया जाएगा। सोशल डिस्टेंस का भी पालन होगा। संक्रमण के लिहाज से प्रशासन आगे जो भी निर्देश देगी उसका पालन किया जाएगा। इधर क्षेत्र में अन्य पूजा समितियां भी तैयारी में जोर शोर से जुटी हुई है। मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कारीगर पंडाल निर्माण और सजावट का काम करते देखे जा रहे हैं।

preload imagepreload image
08:24