1 जुलाई से 14 जुलाई तक चलेगा अभियान
रामगढ़: राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में रामगढ़ जिले में 1 जुलाई 2022 से 14 जुलाई 2022 तक चलने वाले कुष्ठ जांच अभियान को लेकर शुक्रवार को जिले के उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सबसे पूर्व बैठक में उपस्थित जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, नगर परिषद अध्यक्ष युगेश बेदिया का स्वागत किया।
बैठक के दौरान राज्य कंसलटेंट एनएलआर झारखंड डॉ सिद्धार्थ एवं समन्वयक एनएलआर झारखंड रांची काशीनाथ चक्रवर्ती के द्वारा जानकारी दी गई कि विगत कुछ वर्षों में रामगढ़ जिले में सामने आए कुष्ठ मरीजों को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा जिले में 1 जुलाई से 14 जुलाई तक कुष्ठ जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। बैठक के दौरान उनके द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से जांच अभियान के पूर्व, जांच अभियान के दौरान एवं जांच अभियान के उपरांत किए जाने वाले कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा के द्वारा जांच अभियान के सफल आयोजन के मद्देनजर प्रत्येक घर का सर्वे करने, सर्वे दल में शामिल कर्मियों को पूरी तरह से प्रशिक्षित, करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए उप विकास आयुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को जल्द से जल्द प्रखंड स्तर पर बैठक करते हुए माइक्रो प्लान तैयार करने एवं इससे जिला प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करते हुए जांच अभियान का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जांच अभियान शुरू होने के पूर्व जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जांच अभियान के संबंध में व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने एवं लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष जिला परिषद सुधा देवी ने कहा कि अभियान के सफल आयोजन में सभी अधिकारी अपना पूरा योगदान दें एवं इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें वही अध्यक्ष नगर परिषद श्री युगेश बेदिया ने ग्रामीण क्षेत्र में कुष्ठ से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने एवं प्रत्येक व्यक्ति की जांच सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन रामगढ़ डॉ प्रभात कुमार एवं जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉक्टर स्वराज ने अभियान के सफल आयोजन के मद्देनजर की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, डीआरसीएचओ, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, डीपीएम एनएचएम, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला फिजियों सहित अन्य उपस्थित थे।