पूर्व केंद्रीय मंत्री और हजारीबाग के पूर्व सांसद यशवंत सिन्हा का नाम विपक्ष से राष्ट्रपति प्रत्याशी के रूप में उछला

यशवंत सिन्हा का नाम उछलने पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लोगों में चर्चा

हजारीबाग। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और हजारीबाग के सांसद रहे भाजपा के दिग्गज नेता यशवंत सिन्हा का नाम विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में सामने आने लगा है। लेकिन अभी तक विपक्ष द्वारा उनके नाम की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। यशवंत सिन्हा अभी तृणमूल कांग्रेस पार्टी में थे। लेकिन उन्होंने विपक्ष की एकता का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जाहिर है विपक्ष उन्हें राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने जा रहा है। हालांकि पहले यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया था।
अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्तमंत्री रहे वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कुछ महीने पहले ही टीएमसी ज्वाइन की थी।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी उपाध्यक्ष बनाया था। टीएमसी छोड़ते हुए ट्वीट करते उन्होंने एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है ‘मैं ममता जी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे टीएमसी में सम्मान दिया। अब समय आ गया है कि राष्ट्र के हित में बड़ा कदम उठाया जाए। मैं अब पार्टी से हटकर विपक्ष की एकता के लिए काम करूंगा।‘
जहां एक ओर हर कोई यह जानना चाह रहा है कि एनडीए का राष्ट्रपति उम्मीदवार कौन हो सकता है। उसी प्रकार विपक्ष किसे अपना राष्ट्रपति उम्मीदवार बनायेगा, यह उत्सुकता भी सबमें है। विपक्ष अब तक कई नामों पर विचार कर चुका है। लेकिन जिन विकल्पों पर उसने विचार किया उन सभी ने राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया है। महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी उम्मीदवारी के विपक्ष के प्रस्ताव को अस्वीकार कर चुके हैं। इससे पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी विपक्ष के प्रस्ताव को एक नहीं कई बार ठुकरा चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और नेशनल कांग्रेस प्रमुख फारुख अब्दुल्ला को भी विपक्ष का प्रस्ताव पसंद नहीं आया है। यशवंत सिन्हा का नाम इससे पहले भी उछला था।लेकिन तब उन्होंने उम्मीदवारी को लेकर कोई रुचि नहीं दिखायी थी। अब लगता है, यशवंत सिन्हा ने ममता बनर्जी के प्रस्ताव को अपनी सहमति दे दी है। बता दें ममता बनर्जी राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर विपक्ष का नेतृत्व कर रही हैं। इसी बहाने उन्हें विपक्ष के अंदर अपनी राजनीतिक क्षमता को भी आंकने का मौका मिल रहा है। कई दिग्गज नेताओं के इनकार करने के बाद अब यह लगभग तय हो चुका है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ही विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी यशवंत सिन्हा का नाम विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए प्रस्तावित कर चुकी हैं। वही आज होने वाली विपक्ष की बैठक में इस नाम पर सहमति बन सकती है।

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में होने लगी है चर्चा

हजारीबाग के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा का नाम पिछले 2 दिनों से विपक्ष के राष्ट्रपति प्रत्याशी के रूप में सामने आ रहा है। जिसके बाद से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में यशवंत सिन्हा को लेकर चर्चा होने लगी है। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यशवंत सिन्हा विपक्ष के द्वारा राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनते हैं। यह एक बहुत बड़ी बात होगी। यशवंत सिन्हा में यह क्वालिटी है कि वह राष्ट्रपति पद को अच्छी तरह से निभा सकते हैं। यशवंत समर्थकों का कहना है कि यशवंत सिन्हा फिर एक बार हजारीबाग का नाम रोशन कर रहे हैं। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के समर्थकों का कहना है कि यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति बने या ना बने। लेकिन अगर प्रत्याशी बनते हैं तो हजारीबाग के लिए सौभाग्य की बात होगी।