■ समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ की बैठक
रामगढ़: राजस्व पर्षद झारखंड के सदस्य अमरेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता नेलसम ऐयोन बागे, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार रंजन सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान अमरेंद्र प्रताप सिंह ने उपायुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचल स्तरीय न्यायालय कार्यों, दर्ज वादों एवं लंबित वादों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में दायर किए जाने वाले वादों एवं उन पर सुनवाई करने के दौरान ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण बातों की सभी को जानकारी दी वहीं उन्होंने तीव्र गति से मामलों को निष्पादित करने हेतु अपनाए जाने वाले उपायों पर भी प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
उन्होंने कहां की न्यायालयों में आए वादों को तीव्र गति से निष्पादित करने के लिए यह बहुत जरूरी है कि किसी भी मामले के न्यायालय में आने के उपरांत यह जान लिया जाए कि को मामला संबंधित न्यायालय में आया है वह न्यायालय के दायरे में है इसके लिए वाद दर्ज करने के दौरान ही एक्ट की पूरी जानकारी ली जाए। बैठक के दौरान श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने भूमि दाखिल खारिज से संबंधित अंचल, अनुमंडल, अपर समाहर्ता व उपायुक्त स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा कर ससमय सभी मामलों को निष्पादित करने की बात कही वहीं उन्होंने वादों की सुनवाई के उपरांत नियमित रूप से सभी निर्णयों को ई रेवेन्यू कोर्ट के पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करने को कहा। इन सबके अलावा बैठक के दौरान राजस्व संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए गए।