भुरकुंडा (रामगढ़) : उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुरकुंडा का पांचवीं कक्षा का छात्र दक्ष कुमार नई दिल्ली में होनेवाले राष्ट्रीय योग ओलंपियाड 2022 में भाग लेगा। जिला शिक्षा अधीक्षक रामगढ़ के आदेशानुसार जिला से दो बच्चों का चयन किया गया है। जिसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय मनुवा, मांडू की छात्रा दीपिका कुमारी का चयन 14 से 16 आयु वर्ग के लिए और भुरकुंडा के छात्र दक्ष कुमार का चयन 10 से 14 आयु वर्ग के तहत किया गया है।
आगामी 15 जून को छात्र का उन्मुखीकरण होगा। 16 जून को दक्ष कुमार झारखंड टीम के साथ रांची से नई दिल्ली के लिए ट्रेन से रवाना होगा। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए दक्ष को शुभकामनाएं दी हैं।