ग्रामीणों ने संपर्क कर महिला को परिजनों से मिलाया
गिद्दी / रामगढ़ : अरगड्डा झोपड़ी के निकट सड़क पर बुधवार की सुबह एक महिला बेहोशी की हालत में ग्रामीणों को पड़ी मिली। ग्रामीणों की पूछताछ में महिला ने अपना नाम जीतन देवी, पति स्वर्गीय दयाल सिंह मुंडा, गांव कांची, थाना बुंडू जिला रांची निवासी बताया। साथ ही बताया कि रिम्स में इलाज के दौरान वहां से भटकते हुए अरगड्डा आ जाने की बात कही। जीतन देवी ने बताया कि मेरे एक पुत्र की मृत्यु से मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। ग्रामीणों ने महिला के परिजनों से किसी तरह संपर्क साधा और मामले की जानकारी दी।
जिसके बाद बुंडू से महिला का पुत्र ऋतिक सिंह मुंडा, भीम सिंह मुंडा, साधु मुंडा, हरीश चंद्र मुंडा, साधन शाही, ममनू देवी अरगड्डा झोपड़ी पहुंचे और महिला को साथ ले गये। उनलोगों ने बताया कि बीते 27 मई को जीतन देवी रिम्स में भर्ती करायी गई थीं। वे अचानक अस्पताल से लापता हो गई। 6 जून को बरियातू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सहयोग करनेवाले स्थानीय लोगों में ग्रामीण समाजसेवी रतनलाल ऋषि, रंजन कुमार, शीला देवी, आर. कुमार, ममता देवी, दीपक उरांव, गोपाल उरांव सहित अन्य शामिल रहे।