झारखण्ड आंदोलन को बेचने वाले झूठी वाहवाही न लें: समीर उरांव

अटल बिहारी बाजपेयी के सपनोंं का है झारखण्ड

हेमंत सरकार में विकास कार्य हुआ ठप्प

रांचीभारतीय जनता पार्टी के एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद समीर उरांव ने हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला।उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन भाजपा की देन है। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार किया था। किंतु जिन लोगों ने आंदोलन को बदनाम किया, जिन लोगों ने आंदोलन को बेचने का काम किया, वे लोग बड़े-बड़े होर्डिंग और ऐड लगाकर झूठी वाहवाही ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारीयों के लिए पूर्व से नीति बनायीं गयी है। बावजूद आंदोलनकारीयों के आँखों में धूल झोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के धूल झोकने कि नीति से आंदोलनकारी आहात हुए हैं। वे लोग पुनः इस सरकार के खिलाफ आंदोलन की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई के सपनों का झारखण्ड को भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा ही सिंचने का काम किया है। इसका सीधा प्रमाण है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभिन्न योजनाओं का झारखण्ड की धरती से शुरू किया गया। नरेंद्र मोदी जी ने 8 वर्ष के कार्यकाल में झारखंड को कई बड़ी योजनाओं का लाभ भी दिया। उन्होंने कहा कि जब जब प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही झारखंड विकास की ओर तेजी से बढ़ा है।
श्री उरांव ने कहा कि हेमंत सरकार के नेतृत्वहीनता के कारण प्रदेश में विकास कार्य ठप्प हो गया है। जल जंगल जमीन के नाम पर बनी सरकार सर्वाधिक जल जंगल जमीन का ही दोहन करने में लगी हुई है। बालू से लेकर खनिज संपदा की लूट मची है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू योजनाओं को जानबूझकर लटका कर रखा गया है। हेमंत सरकार झारखण्ड आंदोलन के नाम पर झूठी वाहवाही लूट रही है। बड़े-बड़े होर्डिंग और ऐड से जनता को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है।