पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

कृषि कर कानून को वापस लेने का किया आग्रह

रांचीझारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कृषि कर कानून को वापस लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कृषि कर को समाप्त कर दिया गया था। जिसका लाभ छोटे किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को हुआ। इसे फिर से लागू किया जाएगा तो छोटे किसान, व्यापारी और आम लोग प्रभावित होंगे। साथ ही भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके विरोध में राज्य के खाद्यान्न व्यापारी आंदोलनरत हैं। खाद्यान्न का उठाव बंद है।जिसके चलते राज्य में अनाज की किल्लत होने लगी है। विधेयक की धारा 66 के तहत 2% कृषि बाजार शुल्क लगाने का प्रावधान किया गया है। जानकारों की मानें तो कर लगाने से झारखंड के लोगों को 4 से 5% महंगा अनाज खरीदना होगा। दूसरी तरफ इंस्पेक्टर राज होने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पत्र में लिखा है कि सरकार आम लोगों की भावना को समझते हुए जिद छोड़कर छोटे किसानों व्यापारियों और आम लोगों की हित में कृषि कर कानून को वापस ले।