• महिला के बायें तरफ जबड़े और कान की होनी है सर्जरी
• स्थानीय लोगों ने दिया 15 हजार का आर्थिक सहयोग
भुरकुंडा (रामगढ़) : जयप्रकाश नगर में रिंकू देवी के साथ पति अनिल सोनी द्वारा अमानवीय तरीके से मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना और पुलिसिया कार्यशैली की चहुंओर निंदा हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं।आरोपी पति अनिल सोनी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। इधर, जानकारी के अनुसार रिम्स में पीड़िता रिंकू देवी फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि अबतक होश नहीं आया है।
बताया जा रहा कि बर्बरतापूर्वक पिटाई में रिंकू देवी का जबड़ा टूट गया है और एक कान भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। जबड़ा और कान की सर्जरी होनी है। बताते चले कि बुधवार को जयप्रकाश नगर निवासी अनिल सोनी ने अपनी पत्नी की बर्बरतापूर्वक पिटाई के बाद ईंट से चेहरा कुचल दिया था। बताया जाता है कि अनिल सोनी काफी समय से मारपीट करता रहा है। बीते एक माह पूर्व उसने रिंकू देवी का हाथ भी तोड़ दिया था। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले उसने साले की पत्नी से भी मारपीट की थी। लोगों का कहना है कि पुलिस मामले से पल्ला क्यों झाड़ती रही, इसकी जांच होनी चाहिए।
इधर, गुरुवार को भुरकुंडा पंचायत के जय प्रकाश नगर में एक सामाजिक बैठक कर लोगों ने रिंकू देवी की घटना पर रोष प्रकट किया। जयप्रकाश नगर और आसपास के लोगों ने आपसी सहयोग से इलाज हेतु 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद की है। बैठक के दौरान लोगों ने एक स्वर में कहा कि दोषी अनिल सोनी का सामाजिक वहिष्कार करते हुए निर्णय लिया गया कि उसे किसी भी हालत में जयप्रकाश नगर में नहींं रहने दिया जायेगा। साथ ही पीड़िता रिंकू देवी को आगे भी हर संभव इलाज में आर्थिक मदद करेंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि दोषी अनिल सोनी को यदि कोई भी मोहल्ले का आदमी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मदद करता है तो उसका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता देवधारी साव और संचालन सरोज कांत झा ने किया।
मौके पर राजेश मिश्रा, कामेश्वर मेहता, संजय वर्मा, प्रदीप मांझी, किशुन नायक, जुगल पासवान, बबलू ठाकुर, पवन सोनी, मनोज सोनी, विनोद सोनी, राकेश चौधरी, अमरेश महेंद्र यादव, भरत राय, सुभाष दास, मनोज करमाली, अखिलेश करमाली, घनश्याम पासवान, शंभू दुबे, विजय दुबे सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।