★ देर रात तक पोलिंग पार्टियों ने कलेक्शन सेंटर पर जमा की मतपेटिकाएं
रामगढ़: त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण के चुनाव के तहत शनिवार को दुलमी, गोला एवं चितरपुर प्रखंड में हुए मतदान के उपरांत रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में बनाए गए कलेक्शन सेंटर में देर रात तक पोलिंग पार्टियों ने मतपेटिकाएं व अन्य सामग्रियां जमा की।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त माधवी मिश्रा, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सामान्य प्रेक्षक जय किशोर प्रसाद, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, वन प्रमंडल पदाधिकारी वेद प्रकाश कंबोज, अपर समाहर्ता नेल्सम ऐयोन बागे, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन सहित जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों ने कलेक्शन सेंटर पर उपस्थित रहकर कार्यों का निरीक्षण किया।
देर रात कलेक्शन का कार्य पूरा होने के उपरांत सामान्य प्रेक्षक एवं संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रथम चरण के चुनाव के तहत दुलमी, गोला एवं चितरपुर प्रखंड के लिए रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में बनाए गए बज्रगृह को सील किया गया। गौरतलब हो कि त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण के चुनाव की मतगणना 17 मई को रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में होगी।