प्रथम चरण के मतदान में 72.22% मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
78332 महिलाओं व 80862 पुरुषों, कुल 159194 मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
रामगढ़। जिला के गोला चितरपुर और दुल्मी प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान छिटपुट विवादों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है।
गोला और चितरपुर प्रखंड के कुछ बूथों में मतदान को लेकर बूथों के बाहर विवाद हुआ है। हालांकि बाद में वहां प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बाद शांति स्थापित हो गई। फिर शांति पूर्वक ढंग से मतदान संपन्न हुआ।
त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण के चुनाव के तहत शनिवार को दुलमी, गोला एवं चितरपुर प्रखंड में मतदान संपन्न हुआ।इस दौरान चितरपुर प्रखंड में 17077 महिलाओं एवं 18156 पुरुषों कुल 35233 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वही चितरपुर प्रखंड में मतदान का प्रतिशत 66.43% रहा।
दुलमी प्रखंड में 18873 महिलाओं एवं 19556 पुरुषों कुल 38429 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वही दुलमी प्रखंड में मतदान का प्रतिशत 76.75% रहा।
गोला प्रखंड में 43150 महिलाओं एवं 42382 पुरुषों कुल 85532 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।वही गोला प्रखंड में मतदान का प्रतिशत 73.48% रहा।
पूरे जिले में कुल 78332 महिलाओं एवं 80862 पुरुषों कुल 159194 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वही मतदान का प्रतिशत 72.22 रहा।मतदान संपन्न होने के उपरांत सफलतापूर्वक सभी मतपेटिकाओं सहित अन्य दस्तावेजों को बज्रगृह में रखने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में बनाए गए कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किया।
इस दौरान सुश्री मिश्रा एवं प्रभारी पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सह कार्यपालक पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा कलेक्शन सेंटर पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पोलिंग पार्टी से ली जाने वाली सामग्रियों एवं इस दौरान ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दी गई।मौके पर सुश्री मिश्रा ने कलेक्शन सेंटर व बज्रगृह में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदान पदाधिकारियों के सुविधा के लिए लगाए गए विभिन्न स्टॉल, पोस्टर, बैनर आदि का जायजा लेते हुए सफलतापूर्वक कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, जिला परिवहन पदाधिकारी अन्य जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।