वोट से ही तय होती है गांव और देश की दिशा !
रामगढ़ : मतदाता होना लोकतंत्र में गौरव की बात है। प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। यह बात पतरातू सीओ शिवशंकर पांडेय ने कही। श्री पांडेय बुधवार को श्री अग्रसेन स्कूल, भुरकुंडा में आयोजित कार्यक्रम ‘पंचायती राज व्यवस्था में वोट की ताकत’ में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
सीओ ने कहा कि बतौर मतदाता हमें लोकतंत्र में सहभागिता का अधिकार मिलता है। इसलिए मताधिकार का प्रयोग अपने विवेक एवं बुद्धि से करना चाहिए। सीओ ने कहा कि पंचायत चुनाव के रूप में हमारे पास गांव की सरकार चुनने का मौका है। हमारे वोट से ही गांव और देश की दिशा तय होती है। इसलिए निष्पक्ष भाव से बगैर किसी प्रलोभन के मतदान करना चाहिए। इससे पूर्व जागरूकता सेमिनार का उद्घटान दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि जाति, धर्म, धन देखकर वोट न करें। यदि आप वोट के समय किसी लालच में पड़ते हैं, तो अगले कई वर्षों तक आपको पछताना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले के जमाने में राजतंत्रात्मक शासन प्रणाली में सिर्फ राजा का बेटा ही राजा बन सकता था। लेकिन लोकतंत्र में कोई भी नागरिक चुनाव लड़कर जनता का प्रतिनिधित्व कर सकता है। पंचायत चुनाव ने जन भागीदारी बढ़ाई है।
प्राचार्या नीलकमल सिन्हा ने कहा कि हमें मतदान अवश्य करना चाहिए। हमारा वोट ही है जो हमारे गांव, राज्य और देश का भविष्य बना या बिगाड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हम छात्र हैं। भले ही हमारी उम्र अभी वोट करने की नहीं हुई हो, लेकिन कम से कम हम दूसरों को इसके लिए प्रेरित अवश्य कर सकते हैं। सेमिनार में विद्यार्थियों को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और पंचायती राज व्यवस्था की पूरी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने भी पंचायत चुनाव पर अपने विचार रखे।
जागरूक करेंगे, बूथ तक पहुंचाएंगे
सेमिनार में विद्यार्थियों ने अपनी बातें रखते हुए वोट के महत्व पर चर्चा किया।
लोकतंत्र में सबको अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। मतदान अवश्य करना चाहिए। विकास की सोच रखने वाले व्यक्ति को मतदान करें। घर के बड़े-बुजुर्गों को मतदान के दिन बूथ तक ले जाने में सहयोग करें। : छात्र शिवम कुमार
मैं भले ही अभी वोट की उम्र में नहीं पहुंची हूँ। लेकिन जब भी पहली बार मतदान करूंगी, वह वोट ईमानदारी और विकास के लिये होगा। प्रत्याशी जाति, धर्म, धन आदि के आधार पर व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। हमें सोच समझकर मतदान करना चाहिए। : छात्रा कुमारी ओनम
गांव में स्वास्थ्य, शिक्षा व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए काम करने वाले प्रत्याशी को चुनने की सलाह पेरेंट्स को दूंगी। लोग वोट के महत्व को समझें। यह हमारा फ्यूचर तय करता है। मतदान करने जरूर जाएं। : छात्रा रोहिणी कौशल
किसी भी तरह के प्रलोभन में नहीं आने की अपील अपने पास-पड़ोस से करूँगा। गलत दिशा में दिया गया एक वोट हमें अगले पांच साल तक बेहतर सुविधाएं देने से वंचित कर सकता है। लोग वोट की ताकत को समझें और वोट देने जरूर जाएं। : छात्र सौरव