हेमंत सरकार में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं: भाजपा
लोहरदगा/रांची। झारखंड में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधियों की बड़ी मनोबल अपराध के आंकड़ों में लगातार वृद्धि कर रही है। राज्य के लगभग जिलों में अपराध सर चढ़कर बोलने लगा है। राज्य के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के जीमा चटकपुर गांव में आपसी विवाद में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की रात करीब 2 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार भाजपा बूथ अध्यक्ष रतन महतो को घर में सोते वक्त गोली मारी गई। कुडू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स ले जाने के दौरान मौत हो गई। जमीन विवाद में गोली मारे जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस के अनुसार गोतिया भाई से पूर्व से जमीन संबंधित विवाद चला आ रहा है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके पास से हथियार मिलने की बात भी कही जा रही है।
इस राज्य में कोई सुरक्षित नहीं: आदित्य साहू
झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में विधि व्यवस्था नाम की चीज नहीं बची है। राज्य कि हेमंत सरकार में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। राज्य में अपराधियों का बोलबाला है। हत्या,बलात्कार और अवैध कारोबार झारखंड में शिष्टाचार बन गई है। पुलिस अपराधियों को छोड़ अवैध कारोबार में मस्त दिख रही है। जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।