Breaking News

आठ हजार मतदान पदाधिकारियों को द्वितीय चरण का दिया गया प्रशिक्षण

मेदिनीनगर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के आदेशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के विधि सम्मत क्रियान्वयन के लिए दो दिनों में चार केन्द्रों पर दो-दो पालियों में आठ हजार मतदान पदाधिकारियों को द्वितीय चरण का चुनाव प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में लगे अस्सी मास्टर प्रशिक्षकों के द्वारा इन्हें मतदान कराने के हर पहलू की जानकारी दी गई।तथा प्रशिक्षण के लिए प्रदत्त मतपेटिका व डमी पेपर से पूर्वाभ्यास भी कराया गया।प्रशिक्षण के गुणवत्ता के लिए के.जी.+2 में प्रशिक्षक परशुराम तिवारी व अशोक सिंह, जिला स्कूल में मनु प्रसाद तिवारी, गिरिवर स्कूल में अजातशत्रु प्रसाद सिन्हा व अमरेन्द्र पाठक तथा ब्राह्मण विद्यालय में रामानुज प्रसाद द्वारा अनुसमर्थन दिया गया।कार्मिक कोषांग के राजीव रंजन पाण्डेय एवं अखिलेश कुमार ने प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान किया।इस मौके पर प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी शब्बीर अहमद ने के.जी.+2 सहित विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का अनुश्रवण किया। उन्होंने कहा कि सभी मतदान पदाधिकारियों का कार्य समान रूप से महत्त्वपूर्ण है।किन्तु पीठासीन पदाधिकारियों को विशेष रूप से सजग रहना है। उनके ऊपर नियम के साथ कुशल प्रबंधन का भी दायित्व है। उन्होंने कहा कि मतदान पदाधिकारियों को पूरी सुरक्षा दी जायेगी। इसलिए वे विवेक का इस्तेमाल करते हुए निर्भीकता व निष्पक्षता के साथ कर्त्तव्य का निर्वहन करें।