पावर प्लांटों को नहीं होगी कोयले की कोई कमी, उत्पादन लगातार जारी है: प्रहलाद जोशी
केंद्रीय कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी अधिकारियों के साथ कल जाएंगे बरका सयाल क्षेत्र
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक किया है।केंद्रीय कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा है कि पावर प्लांटों को कोयले की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश में कोयला की कोई कमी नहीं है। लोगों को लग रहा है कि 10 दिन का ही स्टॉक है, लेकिन ऐसी कोई बात नही है। कोयला का उत्पादन लगातार जारी है। रांची के प्रोजेक्ट भवन में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कोयला मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए कही। प्रह्लाद जोशी दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। राज्य में पावर प्लांटों को कोयला समय पर मिलते रहे, इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों के साथ की बैठक की और रणनीति बनाई। बैठक में राजमहल परियोजना को लेकर भी बातचीत हुई।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां की तबीयत खराब होने की वजह से उनसे मुलाकात नहीं हो पायी। फिर भी उन्होंने एक मीटिंग अरेंज की थी। इसमें उनके सचिव थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उनकी बातों को माना है और वह भी राज्य सरकारों के सुझावों को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं। समन्वय स्थापित कर सभी समस्याओं का समाधान हो रहा है और जो भी दिक्कतें आ रही हैं। उसको लेकर चर्चा की जा रही है। देश में कोयले की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंपोर्टेड प्राइस बढ़ गया है। डिमांड भी बढ़ गयी है। देश और राज्य की इकोनॉमिक बदल गयी है। पहले उत्पादन 3.3 बिलियन थी। वह 3.5 बिलियन हो गयी है। उत्पादन का 21.22 मिलियन टन कोयला पावर प्लांटों में है और 72 मिलियन कोल इंडिया और अन्य के पास है।बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, खनन सचिव पूजा सिंघल समेत विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी शुक्रवार को रामगढ़ जिला के बरका सयाल एरिया में निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण करने जाने वाले हैं। दो दिवसीय रांची आगमन पर केंद्रीय मंत्री का प्रदेश भाजपा के नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता के नृत्व में मंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर एवं माला पहनाकर किया गया। इस मौके पर रांची नगर निगम की मेयर और पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री डॉ आशा लकड़ा, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, बालमुकुंद सहाय सहित अन्य मौजूद थे।