आचार संहिता के अनुपालन के लिए दिये निर्देश
रामगढ़: त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी पंचायत सह उपायुक्त माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूर्व के बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्य की जानकारी ली जिसके उपरांत उन्होंने कार्मिक कोषांग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में चुनाव के दौरान अलग-अलग कार्यों के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संबंधित डेटाबेस की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग सह उप विकास आयुक्त रामगढ़ को कार्यों के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मियों से संबंधित सूची तैयार रखने एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सुश्री मिश्रा ने वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग को निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, पोलिंग पार्टी, दंडाधिकारियों सहित अन्य को विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण देने के का निर्देश दिया वहीं उन्होंने रविवार को सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को दूसरे चरण का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारियों को नियमित रूप से अपने कोषांग की बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने चुनाव के सफल आयोजन हेतु आदर्श आचार संहिता के सभी प्रावधानों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों, विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।