रामगढ़ : सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को कुज्जू क्षेत्र के हेसाबेड़ा पहुंचे। जहां वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह रैयत विस्थापित नेता फागू बेसरा की पुत्री के वैवाहिक कार्यक्रम और पुत्र के प्रीतिभोज में शामिल हुए।
यहां उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की। वधु को आशीर्वाद दिया। साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हुए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन पर उनका बुके देकर स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान भी तैनात रहे।
पत्रकारों से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री ने सूबे में पेयजल की समस्या पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि कभी कभी अप्रत्याशित चीजें हो जाती हैं। इतनी भीषण गर्मी लोगों ने कभी नहीं देखा। आगे और क्या-क्या देखने को मिलेगा यह बता पाना भी संभव नहीं। लेकिन सरकार हर संभव काम कर रही है। मंत्रीगण पेयजल की समस्याओं पर निगाह बनाए हुए है। जगह-जगह जाकर निरीक्षण भी कर रहे हैं। समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।