दुर्घटनाओं में 4 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

झारखंड के दो जिलों में मंगलवार की देर रात हुई अलग-अलग दुर्घटनाएं

खूंटी/रामगढ़। झारखंड के 2 जिलों में मंगलवार की देर शाम आम लोगों से भरे वाहनों की दो बड़ी टक्कर हुई। जिसमें कई लोगों की मौत होने की खबर है। रामगढ़ जिला के बारलोंग में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हो गए। वही खूंटी में बारातियों से भरी गाड़ी और बालू से लदे हाइवा की टक्कर हो गई। दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। वहां 10 गंभीर रूप से घायल हैं। यह दुर्घटना तोरपा-कर्रा मुख्य पथ पर मंगलवार की रात लगभग 9 बजे बजे हुआ। दुर्घटना में मृतकों में फागु नाग 68 वर्ष, चतुर कांशी 50 वर्ष और भगिंदर कांशी शामिल हैं। घायलों में धीरजा कांशी, 66 वर्ष, बालकिशुन साहू, 60 वर्ष, अभय कांशी 35 वर्ष, बलराम कांशी 43 वर्ष, दिलीप साहू 25 वर्ष,उमेश कांशी 37 वर्ष, अमन नाग 26 वर्ष और भउवा 20 वर्ष शामिल हैं।सभी मृतक और घायल बारकुली गांव के रहने वाले हैं। सभी घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती किया गया है। तोरपा थाना क्षेत्र के बारकुली गांव से मंगलवार की रात लगभग नौ बजे एक बारात गुमला जिले के कसीरा गांव के लिए निकली थी। गांव से कुछ दूरी पर ही बारात गाड़ी रायटोली के पास पहुंची, तो विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। इससे तीन लोगों की मौत हो गई।घायलों के अस्पताल पहुंचते ही रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नागेश्वर मांझी और अन्य डॉक्टरों और कर्मी उनके इलाज में जुट गये। गंभीर रूप से घायल लोगों को रिम्स रांची भेजा गया है। तीन बारातियों की मौत से उत्तेजित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश तिवारी, इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह, बीडीओ दयानंद कारजी सीओ सच्चिदानंद वर्मा और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे गए। लोगों को किसी तरह समझाने की कोशिश की जा रही है।