Breaking News

अज्ञात वाहन की टक्कर से पुल से नीचे गिरा बाइक सवार, मौत

• आक्रोशित लोगों ने भुरकुंडा-उरीमारी सड़क किया जाम

• यातायात बाधित 

• सयाल-उरीमारी दामोदर पुल पर हुई सड़क दुर्घटना

उरीमारी : भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल-उरीमारी दामोदर पुल पर रविवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है।

मिली जानकारी के सयाल-उरीमारी दामोदर पुल पर सयाल टीना साइड निवासी राजा कुमार (लगभग 22 वर्ष) पिता कृष्णा राम की बाइक जेएच 24 जी 5728 को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजा कुमार पुल की रेलिंग से टकराया और बाइक से उछलकर दामोदर नदी में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया।

घटना की जानकारी पर परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। कुछ लोगों का कहना है कि हाइवा टक्कर मारकर भाग निकला है। खबर लिखे जाने तक दामोदर पुल पर भीड़ जमी है। यातायात बाधित है। घटनास्थल पर भुरकुंडा पुलिस पहुंच गई है। 

बताते चले की उरीमारी-भुरकुंडा मार्ग पर आये दिन कोयला ढुलाई में लगे बड़े वाहनों से सड़क हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके दुर्घटना की रोकथाम के लिए कोई भी कारगर कदम नहीं उठाये जा रहे हैं।