हत्या कर शव को पेड़ से लटकाये जाने की आशंका
कुजू(रामगढ़)। जिला में लगातार घटनाएं और दुर्घटनाएं घट रही है। 2 दिन पूर्व ही एक युवती के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के बाद शनिवार के अहले सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला है। जानकारी के अनुसार रामगढ़ जिला के कुज्जू ओपी क्षेत्र के भूचुंगडीह जंगल से शनिवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है। इसकी सूचना कुज्जू पुलिस को दी गई। पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचकर पेड़ से लटकता हुआ शव को नीचे उतरवाया। जिसकी पहचान कुज्जू ओपी क्षेत्र के अगरिया टोला निवासी पुनीत अगरिया पिता कैलाश अगरिया के रूप में की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुनीत अगरिया शुक्रवार के सुबह से ही घर से निकला हुआ था। देर शाम घर नहीं पहुंचने पर उनके सगे संबंधियों ने काफी खोजबीन किया।लेकिन पुनीत के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई।
शनिवार की सुबह जब कुछ लोग जंगल की ओर गए तो पेड़ पर लटकता हुआ एक शव को देखा। जिसकी सूचना कुज्जू पुलिस को दी गई। पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दिया है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि पुनीत की हत्या कर जंगल में ले जाकर उसके शव को लटका दिया गया है। पुलिस के अनुसार पुनीत का शव एक प्लास्टिक के रस्सी से झूलता पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।