वर्तमान समय महिलाएं पुरुषों से हरे क्षेत्र में आगे निकल रहे हैं: ममता देवी
रामगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रखंड कार्यालय रामगढ़ के सभागार में महिला सशक्तिकरण में एफपीओ की भूमिका विषय पर “महिला कृषक समागम सह सेमिनार” का आयोजन किया गया।
इस दौरान विधायक रामगढ़ ममता देवी एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।इस अवसर पर विधायक श्रीमती ममता देवी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं पुरुषों से हरेक क्षेत्र में आगे निकल रही हैं ।उन्होंने बताया कि महिलाएं जीएसएलपीएस और जोहार योजना से जुड़ कर लाभान्वित हो रही हैं। इसके साथ ही साथ सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ भी महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे आगे आकर कर समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त रामगढ़ नागेंद्र कुमार सिन्हा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी । उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिले में 7500 से अधिक महिला समूह कार्यरत हैं जो किसी न किसी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। आज के समय में महिलाएं या महिला समूह कृषि, मनरेगा एवं सरकार के अन्य सभी योजनाओं में अपनी भागीदारी को सुनिश्चित कर रही हैं और रोजगार प्राप्त कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं को जिले में सही प्रकार से धरातल पर उतारने के लिए कृषि विभाग एवं आत्मा रामगढ़ की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से परियोजना निदेशक आत्मा रामगढ़ को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के प्रगतिशील महिला कृषकों ने अपने विचार रखें। उन्होंने बताया कि उन्हें कृषि विभाग और आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं से काफी लाभ पहुंच रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रगतिशील महिला कृषकों को माननीय विधायक रामगढ़ एवं उप विकास आयुक्त के द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा दे कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न एफपीओ के बीच उर्वरक खरीद बिक्री हेतु लाइसेंस का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, परियोजना निदेशक आत्मा रामगढ़, डीडीएम नाबार्ड, केवीके मांडू के वैज्ञानिक, प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़ अंचल अधिकारी रामगढ़, जनसेवक सह प्रभारी मिट्टी जाँच प्रयोगशाला रामगढ़, जनसेवकों, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम, एटीएम इत्यादि ने भाग लिया।