मत्स्य पालन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय : डीसी
रामगढ़: उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने बुधवार को रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कुजू गांव के आरा क्षेत्र में बंद पड़े खदान में कुजू मत्स्य जीवी स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ठाकुर के द्वारा उपायुक्त को जानकारी दी गई कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए आरा क्षेत्र में कुजू मत्स्य जीवी स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के सदस्यों द्वारा बंद पड़े खदान में मत्स्य पालन शुरू किया गया है। मौके पर उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी के साथ केजों का निरीक्षण कर किए जा रहे कार्यो की विस्तार से जानकारी ली। दौरे के दौरान उपायुक्त ने कुजू मत्स्य जीवी स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के सदस्यों के साथ बैठक कर उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
इस दौरान समिति के सदस्यों द्वारा उपायुक्त को बताया गया कि वर्तमान में उनके पास 20 से 22 टन मछलियां तैयार हैं जबकि इसके पूर्व वे 18 से 20 टर्न मछलियां बाजारों में बेच चुके हैं जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिला है वहीं उन्होंने उपायुक्त को बताया कि उन्होंने एक नई पहल करते हुए मत्स्य पालन हेतु इस्तेमाल किए जाने वाले मत्स्य आहार के लिए प्राकृतिक तरीके से मत्स्य आहार तैयार किया है जिसका उन्हें काफी बेहतर परिणाम देखने को मिला है और वे उसका इस्तेमाल कर कम लागत में ज्यादा से ज्यादा मछलियों का उत्पादन कर रहे हैं।
मौके पर उपायुक्त ने समिति के सदस्यों के साथ उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के दौरान उनके समक्ष आ रही समस्याओं सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के उपरांत जिला मत्स्य पदाधिकारी को अन्य क्षेत्र जहां इस तरह की अनोखी पहल की संभावना हो उनमें भी लोगों को जागरुक कर मत्स्य पालन से जोड़ने का निर्देश दिया वहीं उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी को समय-समय पर इस तरह के कार्यों से जुड़े समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी आय बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केज कल्चर विस्तार और सुदृढ़ीकरण योजना वर्ष (2021-22) के अंतर्गत शशिकांत महतो को आरा कोल पिट में मत्स्य केज कल्चर हेतु नाव के क्रय के हेतु 30000 के विभागीय अनुदान का चेक प्रदान किया उपायुक्त के मांडू प्रखंड के दौरे के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मांडू, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, डीएमएफटी टीम लीड सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।