- 4 दिन से नागरिकों के बीच थैला वितरण कर संपर्क कर रहे संजय सेठ
- आजादी के अमृत काल में प्लास्टिक छोड़ने की कर रहे अपील
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को लेकर रांची के सांसद संजय सेठ ने भी पहल शुरू की है। प्लास्टिक मुक्त भारत के अभियान के तहत सांसद श्री सेठ बीते 4 दिनों से लोगों के बीच थैले का वितरण कर रहे हैं। सबको इस बात के लिए जागरूक कर रहे हैं कि प्लास्टिक का उपयोग हम कम से कम करें। इस अभियान के बाबत जानकारी देते हुए सांसद श्री सेठ ने बताया कि यह अभियान रांची लोकसभा क्षेत्र में चलाया जा रहा है। जिसके तहत रांची शहर और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्र के नागरिकों से संपर्क किया जा रहा है। उन्हें यह बताया जा रहा है कि प्लास्टिक का उपयोग हम कम से कम करें। बेहतर हो कि इसे पूरी तरह छोड़ दें ताकि हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह सकें।
सांसद श्री सेठ ने कहा कि इस अभियान के तहत अब तक हरमू, पंच मंदिर, करम चौक, विद्यानगर, मधुकम, गोंदा, कटमकुली, कांके, धुर्वा, गाड़ीखाना सहित कई क्षेत्रों में थैले का वितरण कर लोगों से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आहवान किया गया है। सबको यह संकल्प दिलाया जा रहा है कि हम इसके उपयोग से दूर रहें।
इस दौरान ग्रामीणों और नागरिकों से संवाद कर उन्हें बताया जा रहा है कि प्लास्टिक किस कदर हमें नुकसान पहुंचा रहे हैं। सांसद श्री सेठ ने कहा कि यह आजादी का अमृत काल चल रहा है। यह हम सबका परम कर्तव्य है कि हम आजादी के इस अमृत काल में एक एक बुराई को त्यागने का संकल्प लें और उस संकल्प को पूर्ण करें। इसी के तहत मैंने यह जिम्मेवारी उठाई है कि रांची लोकसभा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाना है। यहां के पर्यावरण को संरक्षित और सुरक्षित बनाना है। इस दिशा में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने और उसे सफल बनाने का आह्वान किया है।