भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल-सौंंदा मेनरोड पर आज सुबह हुई दुर्घटना का मामला
उरीमारी : टिपला साइडिंग (मछली मुहल्ला) के निकट मेन रोड पर शनिवार को हुई दुर्घटना में घायल एक युवक सुमित कुमार की मौत हो गई है। जबकि घायल दीपक कुमार का ईलाज मेदांता अस्पताल रांची में चल रहा है। यहां आज सुबह एक हाइवा ने बाइक को चपेट में ले लिया। हाइवा के साथ घिटसती बाइक में आग लग गई। जिससे दोनों युवक बुरी तरह से झुलस गये। युवकों को सीसीएल अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर कई घंटों की गहमागहमी के बाद शाम सात बजे के लगभग जाम हटाने पर सहमति बनी।
कई घंटों तक बनी रही गहमागहमी
दुर्घटना की सूचना पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली है। रामगढ़ के पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, बिरेंद्र पासवान, विंध्याचल बेेदिया सहित कई गणमान्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के संबंध में हो रही कार्रवाई की जानकारी ली। आक्रोशित लोगों ने हाइवा के टायरों से हवा निकाल दी । आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर ठोस पहल की मांग को लेकर लोग में नाराजगी देखी गई।
मुआवजे पर सहमति के बाद हटा जाम
पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरेंद्र चौधरी ने गणमान्य लोगों की उपस्थिति में बैठक कर आक्रोशित लोगों समझने बुझाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वाहन के कागजात, लाइसेंस और ओवरलोडिंग आदि की जांच करने का पावर सिर्फ माईनिंग ऑफिसर और डीटीओ को है। पुलिस दुर्घटना पर पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है। रिम्स से तुरंत रेफर कराकर दोनों युवकों को मेंदांता ले जाया गया। जहां एक के निधन की जानकारी मिली। एक घायल का मेंदांता में इलाज कराया जा रहा है। बताया जा रहा कि मेंदांता में भर्ती युवक के लिए अस्पताल में 1 लाख 50 हजार जमा कराया गया और 30 हजार नकद उपलब्ध कराया गया है। वहीं मृतक सुमित के पिता को तीन लाख मुआवजा और दाह संस्कार के लिए 50 हजार देने के बाद लोगों ने शाम सात बजे के लगभग जाम वापस लिया। इस दौरान पतरातू सीओ शिवशंकर पांडेय भी मौजूद रहे।
मामले पर लोगों में है विरोधाभास
घटना को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही है। लोग घटना को लेकर कई तरह की बातें कर रहे हैं। एक युवक के घटनास्थल पर ही मौत होने की बात दिनभर चर्चा में रही। जबकि कई लोगों ने इसे महज अफवाह बताया। माजरा क्या है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकता है।
उक्त हाईवा बताया जा रहा ब्लैक लिस्टेड !
टिपला में हुई सड़क दुर्घटना में जिस हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को चपेट में लिया है वह ब्लैक लिस्टेड बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रामगढ़ प्रशासन ने वाहन को बीते 11 जनवरी 2022 को धारा 177, 179, 180, 194 के तहत ‘रीजन इंफोर्समेंट’ के कारण ब्लैक लिस्टेड किया गया है। बताया गया कि सरकारी परिवहन की साइट पर वाहन के संबंध में फिलहाल यही अपडेट मिल रहा है। वाहन सीसीएल बरकासयाल प्रक्षेत्र में कोयले की ढुलाई में लगा है। सड़क पर ब्लैक लिस्टेड वाहन से होती कोयले की ढुलाई पर स्थानीय सीसीएल प्रबंधन और डीटीओ बड़े सवालों में घिरते दिख रहे है।