- शादीशुदा बेटी और नतिनी का शव ले गये ससुराल वाले
- शव पहुंचते ही चित्कार से गूंजा उठा पीरी गांव
- विधायक सहित कई गणमान्य पहुंचे, ढांढस बंधाया
बरकाकाना (रामगढ़)। रांची-टाटा मार्ग स्थिति चांडिल में शुक्रवार की सुबह सड़़क दुर्घटना में पीरी गांव के चार लोगों की मौत के बाद देर रात दो मृतकों का शव गांव लाया गया। दुर्घटना में मारे गये सेवानिवृत्त फौजी सुरेश करमाली(60वर्ष) और पत्नी रेणुका देवी(55वर्ष) का शव गांव पहुंचा। जबकि उनकी शादीशुदा पुत्री संध्या कुमारी(30वर्ष) और नतिनी मिष्टी (6माह) का शव संध्या के ससुरालवाले जमशेदपुर से काठीटांड़ (रांची) ले गये। घटना में सुरेश करमाली की गंभीर रूप से घायल दूसरी पुत्री पुष्पा और पुत्र प्रवीण का जमशेदपुर में इलाज चल रहा है। पुष्पा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इधर, शुक्रवार की रात शव पहुंचते है पीरी पंचायत में मातम छा गया। परिजन चित्कार कर उठे। सुबह तक माहौल काफी गमगीन रहा।
घटना की जानकारी पर बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, आजसू केंद्रीय महासचिव रोशनलाल चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, आजसू जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, झामुुुमो नेता संजीव बेदिया, देवकीनंदन बेदिया, पंकज महतो, गोविंद बेदिया, छोटेलाल करमाली, मुखिया गंगाधर बेदिया, लियाकत अंसारी सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे और परिजनों का अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहयोग देते हुए सांत्वना दी। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए कामना की। वहीं प्रशासन की ओर से पतरातू अंचलाधिकारी शिवशंकर पांडेय, एसडीपीओ बिरेंद्र चौधरी, बरकाकाना ओपी प्रभारी मंटू चौधरी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को हर संभव सहयोग और सरकारी लाभ दिलाने की बात कही गयी।
मृतक दंपति का अंतिम संस्कार पीरी स्थित सियारबुकी नदी के किनारे हुआ। बड़े पुत्र अजय करमाली ने मिट्टी दी।