Breaking News

हजारीबाग : दो समुदाय के बीच झड़प में एक युवक की मौत

  • हजारीबाग सहित तीन जिलों का रात 12 बजे से इंटरनेट सेवा ठप
  • जिला के एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कर रहे कैंप
  • इंटरनेट सेवा बंद होने से लोगों को हो रही भारी परेशानी

हजारीबागजिला के बरही थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत होने के बाद काफी तनाव फैल गया है। जिला के एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी विवादित क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। वही 3 जिलों का इंटरनेट सेवा देर रात 12 बजे से ही बंद कर दी गई है। हजारीबाग के बरही थाना अंतर्गत दुलमाहा गांव में रविवार संध्या विसर्जन जुलूस देखने जा रहे 17 साल के किशोर रूपेश कुमार की दूसरे समुदाय के बीच मारपीट हो गई। वह नईटांड ग्राम निवासी सिकंदर पांडेय का पुत्र था। मारपीट में रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रूपेश अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। बताया जाता है कि घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा है।

हजारीबाग में आधी रात से ही इंटरनेट सेवा बंद

 घटना के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए ज‍िला प्रशासन ने रव‍िवार की आधी रात से ही इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगा दी है। प्रशासन से ऐसा इसल‍िए क‍िया है क‍ि शरारती तत्‍व इस घटना को लेकर कोई अफवाह उड़ा  कर माहौल खराब करने की कोश‍िश नहीं कर सके। इंटरनेट सेवा ठप होने से लोग परेशान हैं। सोमवार सुबह जब लोग सो कर उठे तो पता चला क‍ि इंटरनेट सेवा ठप है।

चतरा और कोडरमा में भी इंटरनेट सेवा ठप

हजारीबाग के अलावा कोडरमा जिले में भी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आधी रात से इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी है। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग जिला आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन तमाम जिलों में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी हैं।ग्राहकों के मोबाइल पर लगातार जीयो और एयरटेल जैसी कंपनियों की ओर से यह संदेश भेजा जा रहा है कि आपकी इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से स्थगित कर दी गई है। वहीं कई जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दिए जाने के कारण लोगों को काम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंक सहित अन्य स्थानों पर कार्य बाधित चल रहे हैं।

गांव में बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित

जानकारी के अनुसार, बरही का नईटांड़ गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस छावनी में तब्दील इस गांव में एसपी खुद भी कैंप कर रहे हैं। सूचना है कि उपद्रवियों ने दो वाहनों में भी आग लगा दी है। बताया जा रहा है की रविवार देर रात उपद्रवियों ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। गांव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस गांव के तमाम गलियों में गश्त लगा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। राजधानी रांची न्यूज़ भी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करता है।
जानकारी के अनुसार रूपेश सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस देखने जा रहा था। इसी बीच दूसरे समुदाय के साथ मारपीट हो गई। मारपीट क्यों किस बात को लेकर हुई। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, किशोर की मौत को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। ग्रामीणों द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद शांति व विधि व्यवस्था कायम रखने को लेकर प्रशासन द्वारा इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।जानकारी मिलते ही एसडीओ पूनम कुजूर, डीएसपी नजीर अख्तर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नीरज कुमार स‍िंंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस की तत्परता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रित हो गया। पुल‍िस के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग का है। चार आरोप‍ित ह‍िरासत में ल‍िए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी नजीर अख्‍तर ने कहा क‍ि दोषी कोई भी हो बख्‍शे नहीं जाएंगे। उन्‍होंने लोगों से अफवाहों पर ध्‍यान नहीं देने की अपील की है।