रामगढ़। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ जिला में हाथियों से हो रहे जान व फसलों के नुकसान पर डीएफओ रामगढ़ से वार्ता की। वार्ता में श्री अनवर ने डीएफओ रामगढ़ से यह मांग किया की वन विभाग के द्वारा हाथियों को नियंत्रित करने के लिए किया जा रहा प्रयास काफी नहीं है। चंद पटाखे और कुछ टॉर्च के सहारे जंगली हाथियों को नियंत्रण करना संभव नहीं है। लंबे समय से हाथियों का उत्पात रामगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खास करके गोला प्रखंड में ज्यादा रहा है। हम आपसे मांग करते हैं नई और उच्च तकनीक जो बगल के राज्य छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। उसी तर्ज पर हमारे यहां भी हाथियों को नियंत्रित किया जाए समस्या की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द इस पर सकारात्मक पहल किया जाए नहीं तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़क पर उतरने को बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से शांतनु मिश्रा, मोहम्मद जकाउल्लाह एवं मोहम्मद साजिद उपस्थित थे।