लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले से पत्रकारों के बीच भय का माहौल :आभा सिन्हा

राँची।झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कहा है कि राज्य में पत्रकार बंधुओं पर लगातार हमला किया जा रहा है। जिसके फलस्वरूप उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। जिससे पत्रकारों के बीच भय का माहौल व्याप्त है।उन्होंने कहा कि जे एस सी ए स्टेडियम के पास से मिला पूर्व पत्रकार सुधांशू शेखर का शव हत्या की ओर इशारा करता है। ऐसे ही हत्या, अपहरण, रोड एक्सीडेंट कर पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आये दिन पत्रकारों की हत्या की जा रही है, जो बहुत ही दुखद घटना है। पत्रकार बंधुगण अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा में लगे रहते है और बड़े से बड़े अपराध का पर्दाफाश करते है, जिसके परिणाम स्वरूप उन्हें अपनी जान गवानी पड़ती है। साथ ही साथ हत्या को दुर्घटना का रुप भी दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि विगत एक वर्ष में राज्य में कई पत्रकार ऐसी घटना का शिकार हुए हैं, जो बहुत ही दुखद है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा हेतु आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें संरक्षण दिया जाय ताकि वे अपना काम पूरी निष्ठा से कर सके।

 

preload imagepreload image
13:23