Breaking News

लोकसभा में सांसद संजय सेठ की सरकार से मांग

खेलगाँव में खोला जाए राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय

हॉकी, फुटबॉल व तीरंदाजी के लिए भी हो राष्ट्रीय एकेडमी की स्थापना

रांची। सांसद संजय सेठ ने आज लोकसभा में रांची के खेलगांव परिसर में खेल यूनिवर्सिटी खोलने व राष्ट्रीय स्तर पर इस परिसर के उपयोग की योजना बनाने से संबंधित मामला उठाया।
सांसद श्री सेठ ने लोकसभा में कहा कि नेशनल गेम्स 2011 की तैयारी व उसके खेल को लेकर खेलगांव परिसर तैयार किया गया। यहां नेशनल गेम्स का बेहतर आयोजन हुआ परंतु अब खेलगांव परिसर का बहुत ज्यादा उपयोग नहीं हो पा रहा है। भवन भी धीरे खराब हो रहे हैं। अन्य संसाधन व उपस्कर भी खराब हो रहे हैं।
उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि राष्ट्रीय स्तर पर इस परिसर का उपयोग हो। देश को और भी बेहतर खिलाड़ी मिल सके। देश भर के खिलाड़ियों के सपनों को नए पंख मिले। उन्हें बेहतर प्रशिक्षण मिले। खेल के क्षेत्र में हमारा देश आगे बढ़ सके। देश को और भी कई बेहतर रत्न मिल सकें, इस दिशा में अब काम किए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि खेलगांव परिसर को राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय का रूप देते हुए, यहां खेल विश्वविद्यालय की स्थापना हो। उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया कि रांची में हॉकी के विकास को लेकर राष्ट्रीय स्तर की हॉकी एकेडमी की स्थापना की जाए। फुटबॉल एकेडमी की स्थापना की जाए और तीरंदाजी के लिए भी राष्ट्रीय एकेडमी की स्थापना हो। सांसद श्री सेठ ने कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं ने हॉकी और तीरंदाजी के क्षेत्र में दुनिया भर में देश का नाम रोशन किया है। ऐसे में यह आवश्यक है कि प्रतिभाओं को और निखरने का अवसर मिले। इस उद्देश्य से यहां राष्ट्रीय स्तर की एकेडमी की स्थापना हो। यह झारखंड और भारत दोनों ही चलिए अच्छा होगा और यहां के खिलाड़ियों के सपनों को पंख मिल सकेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में काम करने का आग्रह किया ताकि झारखण्ड की प्रतिभाएँ दुनिया मे भारत का नाम रौशन कर सकें।