Breaking News

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन आशा सोरेन का शुभ विवाह

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव नेमरा में वीआइपीओ की भरमार
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया राज्यपाल रमेश बैस का स्वागत
  • विवाह समारोह में राज्यपाल सहित मंत्री,विधायक और कई अधिकारी हुए शामिल
  • मुख्य सचिव, डीजीपी सहित कई अधिकारी पहुंचे गांव
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे अतिथियों का स्वागत

नेमरा(रामगढ)। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन आशा सोरेन का शुभ विवाह आज 30 नवंबर को उनके पैतृक गांव गोला के नेमरा से हो रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार की देर रात ही गांव पहुंच चुके हैं।

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार की सुबह से ही विवाह की तैयारी और रस्म में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री सगे संबंधियों तथा विवाह समारोह में आ रहे अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन भी कर रहे हैं। आज रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड का नेमरा गांव मैं वीआइपीओ की भरमार है।

शादी समारोह में शामिल होने सबसे पहले राज्य के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता पहुंचे। इसके उपरांत अपराहन 3 बजे के लगभग राज्य के राज्यपाल रमेश बैस सड़क मार्ग से गांव पहुंचे। यहां रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव में राज्यपाल रमेश बैस का स्वागत और अभिनंदन किया। राज्यपाल रमेश बैस मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन आशा सोरेन को आशीर्वाद प्रदान किया।

राज्यपाल गांव में लगभग 2 घंटे तक रुके। इसके बाद वे सड़क मार्ग से वापस चले गए। वही विवाह समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, मंत्री बन्ना गुप्ता,मंत्री आलमगीर आलम बादल पत्रलेख, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह,

पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, विधायक ममता देवी, बसंत सोरेन, मनीष जयसवाल,लंबोदर महतो, पूर्व विधायक योगेंद्र महतो, बबीता देवी के अलावा सत्ताधारी दल के मंत्री और विधायक तथा कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।विवाह को लेकर खासकर महिलाओं में उत्साह दिख रहा है। रस्म रिवाज में महिलाएं नाच गा रही हैं। मंगलवार की सुबह से ही घर में विवाह को लेकर रस्म अदा की जा रही थी।

पूर्व मुख्यमंत्री राजसभा सांसद शिबू सोरेन कई रस्म अदा करते दिखे। वही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन आशा सोरेन का शुभ विवाह बोकारो जिला के चोपड़ा में हो रहा है। आशा सोरेन का होने वाला पति बीसीसीएल में काम करता है। बारात रात 9 बजे के बाद घर में लगेगी। बारातियों की रहने की पूरी व्यवस्था कर ली गई है।

विवाह समारोह में 10,000 लोगों के खाने के लिए व्यवस्था

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन आशा सोरेन की विवाह समारोह की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। विवाह समारोह में 10,000 लोगों के खाने की व्यवस्था की गई है। खाने में वेज और नॉनवेज दोनों आइटम है। खाने में विशेष रूप से चिकन और मछली की व्यवस्था की गई है। अतिथियों को दोपहर से ही खाना परोसा जाने लगा।

 

वीआईपी अतिथियों के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन की शादी में राज्य के राज्यपाल रमेश बैस सहित कई मंत्री, विधायक और अधिकारी पहुंच रहे हैं।

विवाह समारोह में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। ज्यादातर वीआईपी अतिथि दोपहर से शाम के बीच ही पहुंचें। जिसको देखते हुए गोला के डीवीसी चौक से मुख्यमंत्री के पैतृक गांव तक 800 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात होंगे। ताकि गांव आने वाले लोगों को कोई परेशानी ना होने पाए। इसको देखते हुए जिला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारियों ने गांव पहुंचकर सोमवार को जायजा लिया।

नेमरा गांव को दुल्हन की तरह सजाया गया

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव को बहन की शादी के लिए दुल्हन के जैसा सजाया गया है।पूरे गांव ने आकर्षक रंगीन बतिया लगा दी गई हैं। घर के आसपास के भवनों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

घर के बाहर बने तालाव को भी भव्य रुप से सजा दिया गया है जो देखते बन रही है। विवाह में शामिल होने आने वाले आगंतुकों के बैठने और खाने पीने के लिए 6 पंडाल बनाए गए हैं। ठंड को देखते हुए विवाह समारोह में आए अतिथियों और सगे संबंधियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के नेमरा गांव एक बार फिर एक बड़ी विवाह का गवाह बना है।