- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन हुए शामिल
- शहीद स्थल पर शहीद सोबरन मांझी को दी श्रद्धांजलि
- कार्यक्रम में 3 करोड़ की परिसंपत्तियों का किया गया वितरण
- झारखंड की भौगोलिक क्षेत्र काफी कठिन,लेकिन विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है: हेमंत सोरेन
नेमरा(रामगढ़)। जिला के गोला प्रखंड के लूकैयाटांड़ में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 27 नवंबर को शहीद सोबरन मांझी का शहीद दिवस मनाया गया।जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन शामिल हुए। लुकैयाटांड मैदान के निकट शहीद सोबरन मांझी की शहादत स्थल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन दोपहर 12:30 बजे के लगभग पहुंचे।
सबसे पहले शहीद स्थल पर पहुंच कर शहीद सोबरन मांझी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यहां आयोजित बड़े कार्यक्रम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधित किया।
इस मौके पर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा परिसंपत्ति वितरण का आयोजन किया गया था। यहां मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच लगभग तीन करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां पर ग्रामीणों के बीच धोती साड़ी, पीएम आवास योजना की चाबी, मनरेगा रोड,बकरी पालन सहित कई योजनाओं का वितरण किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत जिला की उपायुक्त माधवी मिश्रा ने स्वागत भाषण से किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की भौगोलिक क्षेत्र काफी कठिन है। यहां के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास का कार्य पहुंचाना एक कठिन कार्य है। हमारी सरकार इन क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरंभ किया है। सरकार इस योजना के तहत राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम पिछले 15 दिनों से चल रहा है। हम गांव के लोगों की समस्या वहीं पर हल कर रहे हैं। हमारी सरकार के 2 वर्ष पूरा होने पर हम कई बड़ी योजनाएं ला रहे हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार के 2 साल पूरा होते-होते हर बुजुर्ग और हर दिव्यांग को पेंशन योजना मिलना आरंभ हो जाएगा। राज्य सरकार विधवा पेंशन,वृद्ध पेंशन, एकल महिला पेंशन सभी को देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नौजवानों के लिए कई योजनाएं लाई है। साथ ही अनुदान पर सरकार लोगों को कई चीज दे रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं जो लोग इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।। वह सरकारी योजना से वंचित होंगे। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले तक हम वैश्विक महामारी के भयानक दौर से गुजरे हैं।इस दौरान हाट बाजार, दुकान,गाड़ी घोड़ा, फैक्ट्री और उद्योग बंद हो गए थे जो अब धीरे-धीरे लाइन पर आने लगा है। अभी स्थिति तेजी से ठीक होने लगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हुनरमंद लोगों को योजना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कई अहम योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी तक नहीं होती है। इसको देखते हुए हमारी सरकार ग्रामीणों की समस्याओं और योजनाओं की जानकारी देने के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम कर रही है। हमारा संकल्प है कि हम गांव देहात का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि हम कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं और राशन दे रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जो 60 वर्ष का हो जाएगा हम उसे वृद्धा पेंशन देंगे।
सोबरन मांझी जी की याद में हम सब लोग उनके विचारों को उनके बलिदान को गुरुजी के साथ याद करते हैं। आज उसी शहादत से एक नया अध्याय जोड़ा गया है।आज हम ग्रामीणों के बीच परिसंपत्ति का वितरण कर रहे हैं। इस मौके पर जिला के लगभग सभी पदाधिकारी मौजूद थे। वही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव फागु बेसरा सहित अनेक झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।