Breaking News

भुरकुंडा में कांग्रेस ने ओबीसी महासम्मेलन का किया आयोजन

राज्य में पिछड़ों को दिया जाए 27 प्रतिशत आरक्षण : अंबा प्रसाद
मंत्री बन्ना गुप्ता और मंत्री बादल पत्रलेख भी हुए शामिल
भुरकुंडा। कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में शनिवार को भुरकुंडा पंचायत सचिवालय मैदान में ओबीसी महासम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने मुख्य रूप से सम्मेलन को संबोधित किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर बुके देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण के साथ पतरातू प्रखंड अध्यक्ष असगर अली ने सम्मेलन की शुरुआत की। अपने संबोधन में विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि बिहार से झारखंड को अलग हुए 20 वर्ष हो गये है। लेकिन पिछड़ों को बिहार में 34 प्रतिशत और झारखंड में मात्र 14 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। पिछड़ों में 152 जातियां शामिल हैं ऐसे में पिछड़ों को 27 प्रतिदिन आरक्षण मिलना ही चाहिए। इसके लिए सभी को एकजुट होगा और अपने अधिकार के लिए शंखनाद कर आगे बढ़ना होगा।  कहा कि सूबे में ओबीसी वर्ग से एक मुख्यमंत्री पांच साल रहे। लेकिन समाज के लिए कुछ नहीं किया।  राज्य में  52 प्रतिशत जनसंख्या को सरकारी नौकरी में मात्र 14 प्रतिशत आरक्षण नाकाफी है। 27 प्रतिशत आरक्षण लिए मैं हर संभव प्रयास कर रही हूं।

27 प्रतिशत आरक्षण का वादा जरूर होगा पूरा : बादल पत्रलेख कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि राज्य सरकार विकास की गति को तेज कर रही है। यहां के लोग को अब उनका अधिकार मिल पा रहा है। राज्य सरकार ने  56 लाख किसानों का ऋण माफ किया है। 92 लाख किसानों का कर्ज भी जल्द माफ होगा। एमपीएल लोन के लिए भी योजना पर काम हो रहा है। राज्य में स्थापित हो रही बाहरी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने का प्रावधान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि विधायक अंबा प्रसाद का परिवार बड़कागांव विधानसभा वासियों हेतु समर्पित था और उन्होंने क्षेत्र की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ा है| कांग्रेस की संकल्प पत्र में भी 27% आरक्षण दिलवाने की घोषणा की गई थी और उसे बहुत जल्द पूरा किया जाएगा|

राष्ट्रपिता की हत्या करनेवालों की पार्टी है भाजपा : बन्ना गुप्ता

सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शायराना अंदाज में दिखे। अपने संबोधन में ओबीसी आरक्षण पर कम और भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना ज्यादा साधते दिखे । स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा राष्ट्रपिता की हत्या करने वालों की पार्टी है। भाजपा पूरे देश में हिंदू-मुसलमान, सिख-ईसाई की लड़ाई कराना चाहती है। मोदी सरकार आम लोगों पर जुल्म करती आ रही है। आरक्षण के नाम पर भाजपा ने पिछड़ों का हमेशा से हक मारने का काम किया गया है। कहा कि हमारा झारखंड हिंदू मुसलमान के नाम पर टूटने वाला नहीं है, झारखंडी लोग अपने हक एवं अधिकार लेना जानते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अंबा प्रसाद द्वारा किए जा रहे ओबीसी की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

सम्मेलन में ये रहे उपस्थित :
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, ओबीसी प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव साहू, जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान,कृष्णा सिंह, बबिता देवी, खुशबू देवी, प्रदीप साहु, विनोद साहू, रेणुका देवी, राजू पांडेय, अमित कुमार, चन्दन, जयंत तुरी, डब्लू सिंह,
फिरदौस आलम, सुबोध पांडेय, रमेश  बेदिया,
प्रेमनाथ विष्वकर्मा उषा देवी, राजरानी देवी
असगर अली, मुजफ्फर अली, दिलदार, सन्तोष साहू, सुजीत पटेल, बारीक अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।