Breaking News

बिग ब्रेकिंग: रामगढ़ के भुरकुंडा में कांग्रेसी नेता की हत्या, पत्नी गंभीर रूप से घायल

घायल पत्नी को अच्छे इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया

बीते देर रात की है घटना

भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में अपराधियों और अवैध कारोबारियों का बढ़ा हुआ है मनोबल

भुरकुंडा(रामगढ़)। जिला में फिर एक बार अपराधियों ने अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई है। रामगढ़ जिला के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सेंट्रल सोंदा मे अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सह सहारा इंडिया भुरकुंडा के सेक्टर मैनेजर कमलेश नारायण शर्मा की निर्मम हत्या कर दी है।

वहीं उनकी पत्नी चंचला देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। भुरकुंडा अस्पताल में चंचला शर्मा की प्राथमिक उपचार कर रिम्स रेफर कर दिया गया है। वही भुरकुंडा पुलिस कमलेश शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया है। वही इस घटना की जानकारी लोगों को शनिवार की अहले सुबह पता चली है। घटना बीते शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल चंचला शर्मा के चेहरे और सिर पर घाव के गंभीर निशान नजर आ रहे हैं।

वही जानकारी के अनुसार अपराधी कमलेश शर्मा के घर के खिड़की के लोहे की छड़ को काटकर भीतर प्रवेश किया है। इसके बाद अपराधियों ने कमलेश शर्मा और उनकी पत्नी पर घातक हमला किया होगा। यह पुलिस के प्राथमिक जांच में सामने आई है।

भुरकुंडा पुलिस को यह सूचना शनिवार के प्रातः 6 बजे के लगभग मिली है। वहीं पुलिस अधिकारी भी घटना की सूचना मिलने के बाद भुरकुंडा पहुंचने लगे हैं। कमलेश शर्मा की हत्या और उनकी पत्नी पर घातक हमले का क्या कारण है।यह पुलिस को पता लगाना होगा। वही सेंट्रल सौंदा में चर्चा है कि अपराधियों ने घर में लूट के बहाने प्रवेश किया है। कमलेश शर्मा और उनकी पत्नी अपराधियों की धमक से जाग गए होंगे। जिसके बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ है। वहीं दूसरी और लोग यह भी चर्चा कर रहे हैं कि अपराधियों ने खिड़की तोड़कर उनकी हत्या की  मंशा से घर में प्रवेश किया होगा। बहरहाल पूरा मामला कमलेश शर्मा की पत्नी चंचला शर्मा के होश में आने के बाद ही सामने आएगा।

पतरातू क्षेत्र के मजबूत कांग्रेसी नेता रहे हैं कमलेश शर्मा

जानकारी के अनुसार कमलेश नारायण शर्मा पतरातू क्षेत्र के एक मजबूत नेता के रूप में अपनी पहचान बना ली थी। पतरातू प्रखंड युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष भी रहे थे। इसके बाद कमलेश शर्मा रामगढ़ जिला कांग्रेस के महामंत्री भी रहे थे। क्षेत्र में कमलेश शर्मा की पहचान एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के रूप में बन चुकी थी। कमलेश शर्मा की निर्मम हत्या के बाद कांग्रेसियों में काफी आक्रोश दिख रहा है। वही भुरकुंडा क्षेत्र के लोग क्षेत्र के विधि व्यवस्था को लेकर दहशत में नजर आने लगे हैं। क्षेत्र में लगातार अपराधियों और अवैध कारोबारियों की बढ़ती गतिविधि क्षेत्र के लोगों को सोचने के लिए मजबूर कर रही है। क्षेत्र से कोयला,बालू, जुआ और कबाड़ी का बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार चलता है। जिसके कारण इस क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों में तेजी आई लग रही है।