जिंदल पोखरिया में मिला 70 वर्षीय वृद्ध का शव

बरकाकाना (रामगढ़)l बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत घुटूवा बस्ती लाइन पार स्थित जिंदल पोखरिया में डूब कर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुधवार की सुबह पोखरिया में शव देख ग्रामीण ने इसकी सूचना बरकाकाना ओपी को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकलवाया। पुलिस छानबीन में जुट गई मृतक की पहचान सिरका निवासी सफीक मियां 70 वर्ष पिता कारू मियां के रूप में हुई। मामले की जानकारी पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि सफीक मियां मानसिक रूप से विक्षिप्त थें। बीते शनिवार से वे लापता थे। शनिवार के दिन बिना कुछ कहे घर से निकल गए और वह वापस नहीं लौटे। खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल पा रहा था। वही मामले पर बरकाकाना ओपी पुलिस ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।