Breaking News

वीर शहीद सिद्धो कान्हू को नमन कर भाजपा की परिवर्तन यात्रा का 20 सितंबर को शुभारंभ करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

धनबाद प्रमंडल की परिवर्तन यात्रा गिरिडीह जिले के जमुआ के झारखंडी धाम मैदान से शुरू होगी

साहिबगंज में चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शामिल होंगे

गिरिडीह के झारखंडी धाम में चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शामिल होंगे

रांचीlकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वीर शहीद सिद्धो कान्हू को नमन कर भाजपा की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ 20 सितंबर को करेंगे। परिवर्तन यात्रा 20 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगी। भाजपा परिवर्तन यात्रा के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने बताया कि 20 सितंबर से दो प्रमंडल में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह साहिबगंज के पुलिस लाइन मैदान से सुबह 11 बजे संथाल परगना प्रमंडल के परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इससे पहले श्री शाह भोगनाडीह में वीर सिद्धो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे एवं उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।श्री प्रकाश ने बताया कि धनबाद प्रमंडल की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ गिरिडीह जिले के जमुआ के झारखंडी धाम मैदान से दोपहर 3:00 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इससे पहले वे झारखंड धाम में शिव मंदिर का दर्शन करेंगे एवं वहां पूजा अर्चना करेंगे।
श्री प्रकाश ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में यह यात्रा पूरे राज्य में 200 से अधिक प्रखंडों से गुजरते हुए 5400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा सभी 81 विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी। यात्रा में 80 स्वागत कार्यक्रम, 65 सार्वजनिक रैली होगी, जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश के 50 से अधिक प्रमुख नेता शामिल होंगे।
श्री प्रकाश ने कहा कि पिछले लगभग 5 वर्षों से झारखंड की ठगबंधन सरकार ने राज्‍य के स्वाभिमान, अस्मिता और पहचान को चोट पहुंचाया है। झारखंड के लोगों की पहचान ईमानदारी, सच्चाई और परिश्रम से है। हेमंत सरकार ने देश और दुनिया में झारखंड को बदनाम कर दिया है। झारखंड की पहचान लूट खसोट, भ्रष्टाचार, नोटो के पहाड़ से हो गई है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने केवल खान, खनिज, जमीन को ही नहीं लूटा, बल्कि केंद्र सरकार की नल जल योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी। राज्‍य सरकार के इस कदम से आम लोग तबाह हो गए हैं।
श्री प्रकाश ने कहा कि यह सरकार बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की संरक्षक बन गई है। घुसपैठियों के कारण राज्य की डेमोग्राफी में अप्रत्याशित बदलाव आया है। आदिवासी आबादी तेजी से घटी और मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ी है।
परिवर्तन यात्रा के माध्यम से जनता हेमंत सोरेन जवाब दो, 5 साल का हिसाब दो के नारों के साथ भाजपा और आम जनता जवाब मांगेगी। राज्य की युवा शक्ति, महिला शक्ति राज्य में परिवर्तन के लिए संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 1800 एकड़ से अधिक जमीन का फर्जीवाड़ा हुआ है। सीएनटी एक्ट का उल्लंघन करते हुए 3000 करोड़ से अधिक रुपए का लेनदेन हुआ है। इसके तार कोलकाता तक जुड़े हैं।
परिवर्तन यात्रा के प्रदेश संयोजक सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि परिवर्तन यात्रा सत्ता परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन के लिए है। यह यात्रा राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता की जन भावनाओं की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि जनता ने भ्रष्ट कांग्रेस, झामुमो और राजद गठबंधन को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी जी के नेतृत्व में यह यात्रा राज्य में मिल का पत्थर साबित होगी।

परिवर्तन यात्रा का कार्यक्रम

पलामू प्रमंडल की परिवर्तन यात्रा 21 सितंबर को बंशीधर नगर से प्रारंभ होगी और 28 सितंबर को संपन्न होगी।
हजारीबाग प्रमंडल की यात्रा 21 सितंबर से इटखोरी स्थित भद्रकाली मंदिर से प्रारंभ होगी और 28 सितंबर को संपन्न होगी।
दक्षिण छोटानगपुर प्रमंडल की यात्रा खूंटी स्थित आम्रेश्वर धाम से 23 सितंबर से प्रारंभ होगी और 1अक्टूबर को संपन्न होगी।
संथाल परगना प्रमंडल की यात्रा 20 सितंबर को भोगनाडीह से प्रारंभ होकर 30 सितंबर को संपन्न होगी।
धनबाद प्रमंडल की यात्रा झारखंडी धाम से 20 सितंबर को प्रारंभ होगी और 26 सितंबर को संपन्न होगी।
कोल्हान प्रमंडल की परिवर्तन यात्रा चित्तेश्वर धाम बहरागोड़ा से 23 सितंबर को प्रारंभ होगी और 2 अक्टूबर को संपन्न होगी।